रिपोर्ट –जय शंकर पांडे


बीएड प्रवेश परीक्षा में 2,219 और नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 719 परीक्षार्थी हुए शामिल

जगदलपुर, 11 जून 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा बस्तर संभाग के परीक्षार्थियों के लिए गुरुवार 11 जून 2026 को प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन अत्यंत कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सख्त नियमों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। स्थानीय स्तर पर की गई व्यापक तैयारियों के साथ परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक निर्धारित किया गया था, जिसके लिए जगदलपुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार प्री-बीएड की परीक्षा के लिए 9 केंद्र तय किए गए थे, जिनमें शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा, बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल, शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल गीदम रोड, और स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा, अग्रसेन चैक व रेलवे कालोनी शामिल रहे। इन 9 केंद्रों पर पंजीकृत कुल 2,938 परीक्षार्थियों में से 2,219 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 719 अनुपस्थित पाए गए। वहीं दूसरी ओर बीएससी नर्सिंग की परीक्षा शेष 4 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिनमें शहीद गुण्डाधूर कृषि कॉलेज कुम्हरावण्ड, धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक धरमपुरा, शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल पथरागुड़ा और शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल आसना को केंद्र बनाया गया था। नर्सिंग परीक्षा के लिए कुल 1,040 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 725 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और 315 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों परीक्षाओं को मिलाकर बस्तर जिले में कुल 2,944 परीक्षार्थी शामिल हुए।

       कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार प्रशासन ने निष्पक्ष, पारदर्शी और कड़ाई से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिसके तहत सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर तय समय से ढाई घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य किया गया था। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई और इसके बाद ही वीक्षकों द्वारा इंटरनेट से निकाले गए साफ-सुथरे मूल प्रवेश पत्र तथा मूल पहचान पत्र का गहन सत्यापन करके उन्हें प्रवेश दिया गया। जिन परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं थी, उन्हें अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाने की सलाह दी गई थी। परीक्षा के दौरान कड़े नियमों का पालन करना अनिवार्य था, जिसके तहत परीक्षार्थी केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े और पैरों में चप्पल पहनकर ही परीक्षा देने पहुंचे क्योंकि जूता-मोजा पहनकर आने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके अलावा कान के आभूषण जैसे बाली या झूमका, घड़ी, पर्स, मोबाइल, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, हाथ में बंधे धागे और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह वर्जित रहे।

       इस पूरी परीक्षा के सुचारू और सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा  नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष कुमार वर्मा ने परीक्षा के नोडल अधिकारी, शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक का दायित्व सौंपा गया था।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply