रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 05 जून 2026/ शासकीय सेवा से मुक्त हो रहे शासकीय सेवकों के लिए आज का दिन एक विदाई की घड़ी न होकर जीवन की एक नई और ऊर्जावान पारी की शुरुआत का प्रतीक बन गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित एक विशेष और गरिमामयी सम्मान समारोह में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने सभी 32 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने जिला कोषालय के अमले की कार्यप्रणाली की विशेष रूप से सराहना की, जिनकी तत्परता के कारण विदाई के इस खास अवसर पर ही सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उनके पेंशन पेमेंट ऑर्डर और ग्रेच्युटी पेमेंट ऑर्डर सहित अन्य सभी भत्तों व लाभों का भुगतान एक साथ सुनिश्चित कर दिया गया।



            इस गरिमामयी अवसर पर कलेक्टर श्री छिकारा ने भावुक और ऊर्जावान शब्दों में सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों की एक लंबी और समर्पित शासकीय सेवा पूरी करना बेहद गर्व की बात है। उन्होंने सेवानिवृत शासकीय सेवकों से कहा कि शासकीय सेवा से मुक्त होने का अर्थ जीवन की सक्रियता से पीछे हटना नहीं है, क्योंकि ये सभी वरिष्ठ जन केवल सेवानिवृत्त हुए हैं, थके नहीं हैं, इसलिए इनकी ऊर्जा और लंबे अनुभवों का लाभ समाज को आगे भी मिलना चाहिए। वर्षों की सेवा के दौरान अर्जित किया गया अनुभव, जैसे शासकीय बारीकियां, एक ऐसा अनमोल खजाना हैं जिसे नए शासकीय सेवाओं के साथ साझा किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि जब नई पीढ़ी की ऊर्जा और वरिष्ठों के व्यावहारिक अनुभव का समागम से अधिक सुदृढ़ तथा बेहतर तरीके से दायित्वों का निर्वहन किया जा सके।

           कलेक्टर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने व्यक्तिगत जीवन और परिवार के प्रति ध्यान केंद्रित करने की एक बहुत ही व्यावहारिक सलाह दी। उन्होंने कहा कि अक्सर शासकीय सेवा की व्यस्तता के कारण कर्मचारी अपने परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पाते हैं,  अब उनके पास इसके लिए पर्याप्त समय है और परिवार एवं समाज को अपने दीर्घानुभव का लाभ दे सकेंगे।इस मौके पर कलेक्टर ने सेवानिवृत सभी शासकीय सेवकों के स्वस्थ एवं दीर्घायु और खुशहाल पारीवारिक जीवन की कामना की।इस दौरान सेवानिवृत शासकीय सेवकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह के लिए आभार जताया। इस मौके पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल पाठक सहित कोष,लेखा एवं पेंशन तथा जिला कोषालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत शासकीय सेवकों के परिजन भी मौजूद रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply