रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर,05 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के विकासखंड बस्तर अंतर्गत ग्राम पंचायत सिवनी में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत बस्तर एवं मेगा वाटरशेड परियोजना के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा वृक्षारोपण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत अभियान है। स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

इस दौरान सीईओ जनपद पंचायत एवं संस्था के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संदेश देकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर तथा आजीविका डबरी के मेड़ पर पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजना अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन बस्तर सेवक मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं ग्रामीणजनों की व्यापक सहभागिता थी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।