रिपोर्टर –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 05 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को स्थानीय ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) जगदलपुर में पर्यावरण और जल संरक्षण को लेकर एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। संस्थान के सजग प्रशिक्षणार्थियों ने न केवल प्रकृति को सहेजने का दृढ़ संकल्प लिया, बल्कि समूचे क्षेत्र को जागरूक करने के लिए एक विशाल जन-जागरण रैली भी निकाली।

संस्थान परिसर से शुरू हुई इस रैली में बड़ी संख्या में शामिल ट्रेनीज के हाथों में पर्यावरण और जल संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखे पोस्टर थे, जो आम जनता को गिरते भूजल स्तर और बढ़ते प्रदूषण के प्रति सचेत कर रहे थे। “जल है तो कल है” और “वृक्ष लगाओ-जीवन बचाओ” जैसे नारों के साथ आगे बढ़ती इस रैली का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) तथा अंधाधुंध कटाई को रोकने के लिए प्रेरित करना था।
इस रैली के समापन के पश्चात संस्थान परिसर और आसपास के चिन्हित क्षेत्रों में सघन पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाली की ओर कदम बढ़ाते हुए संस्थान के स्टाफ और प्रशिक्षणार्थियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा, ट्री-गार्ड की व्यवस्था और नियमित सिंचाई करने की सामूहिक जिम्मेदारी भी ली।