रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

15 जून 2026, जगदलपुर। पत्रकारों पर सीधे एफआईआर दर्ज किए जाने के मामलों के विरोध में आज बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर जिला पत्रकार संघ के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरने के माध्यम से पत्रकारों ने मांग की कि छत्तीसगढ़ में लागू पत्रकार सुरक्षा कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। पत्रकारों का कहना है कि पत्रकार सुरक्षा कानून के तहत किसी भी पत्रकार के विरुद्ध सीधे एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकती। कानून के अनुसार पहले डीएसपी स्तर के अधिकारी द्वारा मामले की जांच की जानी आवश्यक है, लेकिन कई मामलों में इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।
धरना स्थल पर उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून वर्ष 2023 से लागू है तथा इसका विधिवत नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है। इसके बावजूद कानून के प्रावधानों का पालन नहीं होने से पत्रकारों में असंतोष है।
बस्तर जिला पत्रकार संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि पत्रकार सुरक्षा कानून के सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए।