रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

22 जून 2026, छत्तीसगढ़: जशपुर जिले में एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल परिसर से झाड़-फूंक के बहाने बच्चे को लेकर फरार हुई महिला को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां का इलाज जिला अस्पताल जशपुर में चल रहा था। इसी दौरान दातुनपानी निवासी तारा बाई (35) अस्पताल में परिवार के संपर्क में आई और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीत लिया। उसने खुद को झाड़-फूंक से इलाज करने में सक्षम बताते हुए परिवार को झांसे में लिया।

आरोप है कि महिला बच्चे की मां और दादी को बस स्टैंड के पास होटल में खाना खिलाने के बहाने ले गई। इसी दौरान मौका पाकर वह मासूम को गोद में लेकर फरार हो गई। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान की और दातुनपानी, पंडरापाठ तथा बगीचा क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मासूम को सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह संतान न होने और मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठा रही थी। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply