जगदलपुर, 30 अप्रैल 2025 – बस्तर संभाग में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को कमिश्नर कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने की, जिसमें एनएमडीसी नगरनार स्टील प्लांट, जिला प्रशासन और बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने कहा कि राज्य शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत बस्तर में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उद्यमियों और नगरनार स्टील प्लांट के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सहायक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित कर न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि बस्तर एक आत्मनिर्भर और विकसित क्षेत्र की ओर अग्रसर होगा।

बैठक में बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री श्याम सोमानी ने नगरनार स्टील प्लांट के रिकॉर्ड उत्पादन के लिए बधाई देते हुए स्थानीय उद्योगों की भागीदारी से औद्योगिक वातावरण निर्माण का सुझाव दिया। बैठक में यह सहमति बनी कि स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को सहायक उद्योग का दर्जा देने एवं उनके साथ अनुबंध निष्पादित करने हेतु प्रस्ताव छत्तीसगढ़ राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड को भेजा जाएगा।

साथ ही नगरनार स्टील प्लांट संचालन में आवश्यक सेवाओं—जैसे मशीनरी सप्लाई, वाहन, डाटा एंट्री ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर आदि—के लिए 25% भागीदारी स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं से सुनिश्चित करने हेतु भी प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।

नगरनार प्लांट से उत्पादित कोलतार क्रुड, पिग आयरन, क्वाइल, स्लैग, सल्फर आदि से संबंधित संभावित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए आगामी 15 दिनों में एक संयुक्त अवलोकन एवं समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर एनएमडीसी स्टील प्लांट के अधिशासी निदेशक श्री एमएनव्हीएस प्रभाकर, डिप्टी कमिश्नर आरती वासनिक एवं गीता रायस्त, मुख्य महाप्रबंधक उद्योग श्री अजीत सुन्दर बिलुंग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply