जगदलपुर – नगर पालिका निगम जगदलपुर द्वारा शहर में लगातार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन, आयुक्त नगर निगम के निर्देश एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के नेतृत्व में, जिला प्रशासन, निगम प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाया जा रहा है।

जगदलपुर के प्रमुख मार्ग जैसे मेन रोड, गोलबाजार रोड, संजय मार्केट रोड, चांदनी चौक रोड, सर्किट हाउस रोड, बस्तर हाई स्कूल रोड सहित अन्य मुख्य सड़कों पर नालियों के ऊपर अतिक्रमण कर दुकानदारों द्वारा सामान रखा जा रहा था। निगम प्रशासन द्वारा इन दुकानदारों को पूर्व में सूचित कर स्वयं ही अपना सामान हटाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन निर्देशों की अवहेलना करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।

महापौर संजय पांडे ने कहा, “शहर में आवागमन को सुगम बनाने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक है। मैं सभी व्यापारियों से अपील करता हूं कि वे स्वयं ही अतिक्रमण हटाएं और इस अभियान में सहयोग करें। जगदलपुर को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सबका सहयोग आवश्यक है।”

राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा, “इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में सुधार हो रहा है और व्यापारियों का भी सहयोग मिल रहा है। हम सभी का संकल्प है कि मिलकर जगदलपुर को एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जाए।”

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply