जगदलपुर, 01 मई 2025। कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में गुरुवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए 20 शासकीय सेवकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल ने उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया एवं पेंशन प्राधिकार पत्र (PPO) सौंपा।
अपर कलेक्टर श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि शासन की पहल से जिले में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों को उनकी सेवा समाप्ति के साथ ही PPO प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही अब उन्हें तत्काल GPF प्राधिकार पत्र भी सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अब अपने दीर्घकालीन अनुभवों को समाज और भावी पीढ़ी के मार्गदर्शन में लगाएं और परिवार के साथ समय बिताकर खुशहाल जीवन जिएं।
समारोह में संयुक्त संचालक कोष-लेखा एवं पेंशन श्री कमलेश रायस्त ने भी सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री संजय सोनवानी ने जानकारी दी कि अप्रैल माह में कुल 35 शासकीय सेवक सेवानिवृत्त हुए, जिनमें से 20 को PPO तथा 07 को GPF प्राधिकार पत्र प्रदाय किए गए हैं। शेष शासकीय सेवकों को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात शीघ्र प्राधिकार पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे।
समारोह के अंत में सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शासन-प्रशासन द्वारा सम्मान समारोह के आयोजन को एक सराहनीय पहल बताया और आभार व्यक्त किया।