जगदलपुर। भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर बस्तर जिले के ग्राम बोरपदर के 50 से अधिक युवाओं ने सांसद महेश कश्यप के निवास पर पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बोरपदर के सरपंच रामसिंह कश्यप के नेतृत्व में आए इन युवाओं को सांसद कश्यप ने गमछा पहनाकर और मिठाई खिलाकर भाजपा में स्वागत किया।

इस अवसर पर सांसद कश्यप ने कहा, “भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं को उनकी योग्यता के आधार पर बड़े पदों तक पहुंचने का अवसर मिलता है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के वैश्विक उत्थान की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार सबका विकास सुनिश्चित कर रही है।

सांसद ने कांग्रेस शासन के भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को सेवा का अवसर दिया है और सरकार बनते ही भाजपा ने मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य किया है। उन्होंने बताया कि पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवास, दो साल का बकाया बोनस, महतारी वंदन योजना, रामलला दर्शन योजना, पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच और 3100 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया स्वागत

ग्राम बोरपदर के सरपंच के नेतृत्व में युवाओं का एक अन्य समूह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के समक्ष भाजपा कार्यालय, जगदलपुर पहुंचा, जहां उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। किरण देव ने सभी का गमछा पहनाकर स्वागत किया और भाजपा की नीति एवं सिद्धांतों से अवगत कराया।

इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, उपाध्यक्ष योगेंद्र पांडेय, जगदलपुर नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, सरगीपाल मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बाजपेयी एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा में शामिल हुए नए सदस्यों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सांसद कश्यप और भाजपा नेताओं ने संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply