मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – ‘आपका संकल्प हमारा संकल्प, मिलकर छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाएंगे’

रायपुर, 19 मार्च 2025: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज एक ऐतिहासिक क्षण तब आया जब बीजापुर जिले के युवाओं की आवाज़ विधानसभा परिसर में गूंज उठी। राज्य की ‘स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना’ के तहत विधानसभा भ्रमण पर पहुंचे इन युवाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के समक्ष एकजुट होकर अपना संकल्प दोहराया – “हम अपने गांव और प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त देखना चाहते हैं और विकास की मुख्यधारा में शामिल होकर अपने भविष्य को उज्जवल बनाना चाहते हैं।”

इस पर मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं की इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए कहा, “आपका संकल्प ही हमारा संकल्प है। अगर क्षेत्र के युवा ठान लें, तो हम सभी के सहयोग से जल्द ही नक्सलवाद के अंधकार को समाप्त कर छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”


‘नियद नेल्ला नार योजना’ – बीजापुर में विकास की नई रोशनी

मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार ‘नियद नेल्ला नार योजना’ के तहत उनके गांवों में मूलभूत सुविधाएं तेजी से पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कैंपों की संख्या में वृद्धि और प्रशासन की सक्रियता से नक्सलवाद की जड़ें कमजोर हो रही हैं, जिससे विकास को नया बल मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह से हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार भी बीजापुर सहित पूरे बस्तर संभाग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि मोबाइल टावर, पक्की सड़कें, हर घर तक बिजली और बेहतर परिवहन जैसी सुविधाओं के लिए सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है।


बीजापुर के युवाओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव

बीजापुर जिले के विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों युवाओं के लिए यह दिन ऐतिहासिक अनुभव से कम नहीं था। रायपुर में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण में उन्होंने रेलवे स्टेशन, छत्तीसगढ़ विधानसभा और वनवासी कल्याण आश्रम का दौरा किया।

विधानसभा परिसर में पहुंचकर उन्होंने दर्शक दीर्घा से सदन की कार्यवाही देखी, जिससे वे बेहद रोमांचित नजर आए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक श्री धर्म कौशिक, अनुज शर्मा और सुश्री लता उसेंडी ने युवाओं से चर्चा की।


‘सरकार आपके साथ है’ – उपमुख्यमंत्री का आश्वासन

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने युवाओं से उनके गांवों की समस्याओं की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि पक्की सड़कें, बिजली, शुद्ध पेयजल, राशन, चिकित्सा और आवास जैसी सुविधाओं के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


‘सशक्त युवा – सशक्त छत्तीसगढ़’

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा ही विकास की कुंजी है और जब युवा सही दिशा में आगे बढ़ेंगे, तो कोई ताकत उनके क्षेत्र की प्रगति को नहीं रोक सकती।

बीजापुर के युवाओं की यह बुलंद आवाज़ पूरे प्रदेश में नई रोशनी लेकर आई है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं, बदलाव का हिस्सा बनें और अपने सपनों को साकार करें।

उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ सरकार, केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश को नक्सल मुक्त, विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


“हम आपके साथ हैं, आपके गांव के विकास और स्वर्णिम भविष्य के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।” – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply