बस्तर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। बीजापुर-दंतेवाड़ा और कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर हुई मुठभेड़ों में 30 नक्सली मारे गए। इस बड़ी सफलता पर केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने सुरक्षा बलों को बधाई दी और कहा कि आतंकवाद व उग्रवाद अपने अंतिम चरण में है।

सुरक्षा बलों की वीरता को सलाम

केंद्रीय मंत्री ने Cgpahat से बातचीत में कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के सक्षम मार्गदर्शन में अर्धसैनिक बल बहादुरी से आतंकवाद से लड़ रहे हैं। जैसे मरने से पहले रोशनी तेज जलती है, वैसे ही देश में आतंकवाद और उग्रवाद अपने अंतिम चरण में हैं। लोकतंत्र में हिंसा का कोई मतलब नहीं है। मैं बहादुर जवानों को बधाई देता हूं, जिन्होंने नक्सलियों, आतंकवादियों और विद्रोहियों के खिलाफ सफलता प्राप्त की।”

दो बड़े एनकाउंटर, 30 नक्सली ढेर

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. के मुताबिक,
बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर: इस मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए और सभी के शव बरामद कर लिए गए। इस ऑपरेशन में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के एक जवान ने शहादत दी।
कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर: यहां 4 नक्सली मारे गए।
IED ब्लास्ट: नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर के थुलथुली इलाके में हुए IED ब्लास्ट में दो जवान घायल हुए।

सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन जारी

सूत्रों के अनुसार, दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन लॉन्च किया। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव और दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय के अनुसार, अब भी ऑपरेशन जारी है।

बढ़ती कार्रवाई से नक्सलियों में हड़कंप

हालिया कार्रवाई से नक्सली संगठनों में भारी दबाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने कई बड़े ऑपरेशन किए हैं, जिससे नक्सलियों का नेटवर्क कमजोर हुआ है।

इस सफलता से स्पष्ट है कि सरकार और सुरक्षा बल नक्सलवाद के सफाए के लिए प्रतिबद्ध हैं।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply