Report Rishabh Kumar
शिकायत दर्ज कराने के लिए टोलफ्री नंबर: 1800-233-0008
जगदलपुर, 28 मार्च 2025: गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पेयजल संकट से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार राज्यभर में पेयजल समस्या समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। साथ ही, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोलफ्री नंबर 1800-233-0008 जारी किया गया है।
गत 24 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता और उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव की उपस्थिति में हुई उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेशभर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में विशेष रूप से ग्रीष्मकाल के दौरान जल संकट से निपटने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बस्तर संभाग में युद्धस्तर पर सुधार कार्य
बस्तर संभाग के सभी जिलों में हैंडपंपों के सुधार और आवश्यकतानुसार राइजर पाइप बढ़ाने या बदलने का कार्य तेजी से जारी है। मुख्य अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बस्तर परिक्षेत्र, जगदलपुर के अनुसार, सभी आवश्यक स्पेयर पार्ट्स और राइजर पाइप की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है। वहीं, सभी जिलों में विशेष संधारण वाहन भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि हैंडपंपों की मरम्मत में किसी प्रकार की देरी न हो।
सोलर आधारित जल योजनाओं का रखरखाव तेज
बस्तर संभाग में संचालित सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजनाओं के रखरखाव का कार्य क्रेडा (CREDA) के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा, खंड, उपखंड एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।
शिकायतों का त्वरित समाधान
सरकार द्वारा जारी टोलफ्री नंबर 1800-233-0008 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम पंचायतों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीवार लेखन किया जा रहा है। कंट्रोल रूम में आने वाली सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
सरकार के इन प्रयासों से प्रदेश में जल संकट से निपटने में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है।