बाहरी बोर वाहनों का प्रवेश वर्जित – पांडे
रिपोर्ट: Rishabh Kumar
जगदलपुर। बस्तर बोरवेल्स ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बाहरी जिलों से आकर बोर खनन का कार्य करने वालों पर नाराजगी जाहिर की है। संघ के अनुसार कुछ एजेंटों द्वारा रायपुर सहित अन्य शहरों से मशीनें बुलाकर शहरी क्षेत्रों में कार्य कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय सदस्यों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
संघ के अध्यक्ष ओंकार पांडे ने बताया कि संघ में पंजीकृत करीब 25-30 स्थानीय बोर ऑपरेटर हैं जो वर्षों से ईमानदारीपूर्वक कार्य कर रहे हैं। लेकिन बाहरी एजेंट झूठी जानकारी देकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं और घटिया क्वालिटी का काम कर रहे हैं।
श्री पांडे ने आरोप लगाया कि बाहरी चालक एमएस पाइप को जीआई पाइप बताकर ग्राहकों से अधिक पैसे वसूल रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक और तकनीकी दोनों ही तरह का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में रायपुर से आई एक बोर मशीन को समझाइश देकर वापस भेजा गया। संघ का कहना है कि ऐसे लोग पैसे लेकर काम अधूरा छोड़ देते हैं और शिकायतों का कोई समाधान नहीं होता।
संघ ने स्पष्ट किया है कि बस्तर क्षेत्र में निजी पॉइंट्स पर बाहरी बोर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित है।