450 IED पार कर पहाड़ी पर चढ़े जवान…31 नक्सली मारे: कर्रेगुट्टा में नक्सल-हॉस्पिटल, 4 वेपन फैक्ट्रियां तबाह; 250 गुफाओं में ठिकाना, बना रखे थे किला
रिपोर्ट: ओम साहू
[The Eagle Eye News] | [cgpahat.in] | WhatsApp Channel
जगदलपुर, बीजापुर जिला (छत्तीसगढ़):
बीजापुर-सुकमा की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़ में 31 नक्सली ढेर हुए हैं। जवानों ने 450 से ज्यादा IEDs को निष्क्रिय करते हुए पहाड़ी पर चढ़ाई की, जहां नक्सलियों ने किलेनुमा ठिकाना बना रखा था। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 4 हथियार फैक्ट्रियां और एक नक्सली हॉस्पिटल को भी नष्ट कर दिया है।
250 गुफाएं, हर एक में अलग-अलग ठिकाने
कर्रेगुट्टा के जंगलों और पहाड़ियों में फैली 250 से अधिक गुफाओं को नक्सलियों ने अपनी रणनीतिक पनाहगाह में तब्दील कर रखा था। हर गुफा में भोजन, गोला-बारूद, दवाइयां और संचार व्यवस्था के इंतजाम थे। गुफाओं की बनावट ऐसी थी कि बाहरी हमले से बचा जा सके।
4 दिन चला ऑपरेशन, ड्रोन से मिली लोकेशन
इस चार दिवसीय ऑपरेशन में DRG, STF, CRPF और कोबरा बटालियन के जवान शामिल रहे। ड्रोन सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर कर्रेगुट्टा में नक्सली मूवमेंट की पुष्टि हुई थी। इसके बाद ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
मारे गए नक्सलियों में टॉप कमांडर भी
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में कई वांछित टॉप कमांडर और PLGA सदस्य शामिल हैं। सुरक्षाबलों को मौके से एके-47, INSAS, SLR, भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली दस्तावेज मिले हैं।
घायल जवानों का उपचार जारी
मुठभेड़ में कुछ जवान घायल भी हुए हैं, जिन्हें रायपुर और बीजापुर के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
नक्सलियों को बड़ा झटका
यह ऑपरेशन नक्सलियों के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। नक्सली गतिविधियों का यह मुख्य ठिकाना वर्षों से सक्रिय था, जिसे अब पूरी तरह तबाह कर दिया गया है।
—
अधिक अपडेट और वीडियो देखने के लिए जुड़े रहें हमारे WhatsApp चैनल से।
© रिपोर्ट: ओम साहू, प्रबंध संपादक, छत्तीसगढ़ पहट न्यूज
Facebook Page: The Eagle Eye News