जगदलपुर, 20 मई 2025। कलेक्टर श्री हरिस एस ने निर्देश दिए हैं कि वर्किंग सीजन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत अधिक से अधिक जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने वॉटर कंजर्वेशन जैसे रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता देकर मानसून से पहले पूर्ण करने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री हरिस एस ने मंगलवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को वर्षा ऋतु से पहले पूर्ण करने के लिए विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने रोजगार सहायकों और तकनीकी सहायकों से गांवों में विकास कार्यों की समीक्षा कर रोजगार सृजन और मूल्यांकन की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएमएफ मद के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को शीघ्रता से प्रस्तुत करने को कहा गया।
प्रमुख निर्देश व समीक्षा बिंदु:
शिक्षा विभाग: युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया को अनुभाग स्तर पर शीघ्र पूर्ण करें।
खनिज विभाग: गौण खनिज उत्खनन हेतु राजस्व और वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया पूर्ण कर रेत खदान स्वीकृति हेतु अग्रसर हों।
ग्रामीण बस योजना: अंदरूनी क्षेत्रों को जोड़ने के लिए बस रूट प्रस्ताव तैयार करें।
नियद नेल्लानार योजना क्षेत्र: पात्र हितग्राहियों का डेटा एन्ट्री शीघ्र पूर्ण करें और राष्ट्रीय एजेंसी के सर्वे हेतु तैयारी करें।
सुशासन तिहार: समाधान शिविरों की समीक्षा कर जनहित के कार्यों में गति लाएं।
प्रधानमंत्री आवास योजना: प्रथम किश्त के भुगतान के बाद निर्माण की भौतिक प्रगति और सेकंड स्टॉलमेंट हेतु जिओ टैगिंग सुनिश्चित करें।
अन्य योजनाओं की समीक्षा:
स्वच्छ भारत मिशन
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन
पीएम किसान सम्मान निधि पंजीयन
उचित मूल्य दुकानें व भंडारण व्यवस्था
किसान क्रेडिट कार्ड प्रगति
पशुधन, मत्स्य पालन, और उद्यानिकी विभाग के प्रकरण
मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना
जाति व निवास प्रमाण पत्र की कार्रवाई
सिकलसेल की जांच व उपचार हेतु शिविर आयोजन
जल जीवन मिशन और नक्सल पीड़ितों को योजनाओं का लाभ
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल सहित जिले के सभी विभाग प्रमुख मौजूद रहे।