रिपोर्ट: ओम साहू
छत्तीसगढ़ के भिलाई छावनी थाना क्षेत्र में 18 मई को आयुर्वेदिक डॉक्टर की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। डॉक्टर की मौत आत्महत्या का मामला निकला, जिसकी जड़ें वायरल वीडियो और सामाजिक दंड से जुड़ी हुई हैं। दुर्ग पुलिस ने इस संवेदनशील केस में 9 आरोपियों को कांकेर से गिरफ्तार किया है।
आपत्तिजनक वीडियो बना और हुआ वायरल
पुलिस जांच में सामने आया कि डॉक्टर और एक युवती के बीच आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया, जिसे बाद में वायरल कर दिया गया। वीडियो के वायरल होने के बाद डॉक्टर मानसिक तनाव में चले गए। सोशल मीडिया पर फैले इस वीडियो ने डॉक्टर की छवि को गहरा आघात पहुंचाया।
समाजिक बैठक में लगाया गया 5 लाख का दंड
मामले ने तब और गंभीर मोड़ लिया जब कांकेर जिले में डॉक्टर के खिलाफ सामाजिक बैठक बुलाई गई। इस बैठक में डॉक्टर पर 5 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। यह सामाजिक दबाव और अपमान डॉक्टर के लिए असहनीय बन गया।
सुसाइड नोट से हुआ आरोपियों का पर्दाफाश
दुर्ग के सीएसपी ने जानकारी दी कि 18 मई को डॉक्टर के घर से एक पत्र बरामद हुआ, जिसमें वीडियो बनाने और वायरल करने वाले व्यक्तियों के नाम दर्ज थे। इसी आधार पर पुलिस ने कांकेर से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी वीडियो बनाने, वायरल करने और सामाजिक दंड दिलाने में शामिल थे।
आगे भी हो सकती हैं गिरफ्तारियां
पुलिस का कहना है कि इस केस में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। डॉक्टर की आत्महत्या ने समाज में साइबर बुलिंग, सोशल शेमिंग और सामाजिक दंड के खतरनाक प्रभावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।