✍ रिपोर्ट: ओम साहू
जगदलपुर, 01 जुलाई 2025
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मंगलवार को महारानी अस्पताल, जगदलपुर में डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, डिमरापाल के भावी चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
शिविर के समापन अवसर पर डॉ. श्रेयांश जैन के विशेष प्रयासों से शिविर में सहभागिता निभाने वाले सभी रक्तदाताओं और आयोजन को सफल बनाने वाले डिमरापाल मेडिकल कॉलेज व महारानी अस्पताल ब्लड बैंक की टीम को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, विशिष्ट योगदान देने वालों को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
इस दौरान संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं बस्तर संभाग डॉ. महेश शांडिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, नोडल अधिकारी डॉ. सी. मैत्री समेत अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. डी.के. रात्रे, अस्पताल सलाहकार डॉ. नीरज ओझा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
—
✅ इस प्रकार के आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।