 जगदलपुर/02 जुलाई 2025।
रायपुर-नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के अतिसंवेदनशील इरकभट्टी गाँव में आज उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा और नारायणपुर विधायक एवं वनमंत्री केदार कश्यप ने दौरा कर सुरक्षा बलों के जवानों और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद आश्रम का निरीक्षण कर बच्चों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

 विकास योजनाओं की समीक्षा और भरोसा
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बस्तर संभाग में आदिवासी समाज की भागीदारी शासन में अग्रणी है। शासन की हर योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अबुझमाड़ में विकास को बाधित करने वालों का समय अब समाप्त हो चुका है। महतारी वंदन योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका से जुड़ी योजनाओं को मजबूत किया जा रहा है। स्कूलों की स्थिति भी सुधारी जाएगी ताकि यहाँ के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

️ उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन भी किया और नेल्लानार गांव में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 ‘हमें तय करना है कि विकास करना है या नहीं’ — केदार कश्यप
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अबुझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, तालाब, पानी और बस सेवा जैसी मूलभूत सुविधाएँ जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सपना है कि हर गांव तक पक्की सड़क पहुँचे। उन्होंने कहा कि हमारी पारंपरिक फसलें जैसे रागी और मंडिया की देश-विदेश में मांग है। हमें प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा और सरकार इसके ब्रांडिंग और बाज़ार तक पहुँच सुनिश्चित कर रही है।

️ उन्होंने यह भी बताया कि 23 जून को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दौरा प्रस्तावित था लेकिन बारिश के कारण स्थगित हुआ। उनकी विशेष मंशा पर ही उपमुख्यमंत्री और उन्होंने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएँ जानीं।

✍ रिपोर्ट: ओम साहू
 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply