
अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई और जमीनी सर्वेक्षण
जगदलपुर, 1 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों दंतेवाड़ा और बस्तर का हवाई सर्वेक्षण एवं जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर सहायता पहुँचना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर संवेदनशीलता तथा तत्परता आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री साय दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा पारा में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर पहुँचे, जहाँ उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि शिविरों में पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आवास की व्यवस्था निरंतर बनी रहे।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके पुनर्वास के कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से किए जाएं। साथ ही प्रभावित परिवारों को राशन, बर्तन और कपड़े जैसी आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्री साय ने कलेक्टर एवं राजस्व विभाग को बाढ़ से हुई फसल क्षति, पशुधन हानि सहित अन्य नुकसानों का शीघ्र आंकलन कर प्रभावितों को सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल और सड़क सुविधाओं का निरीक्षण कर शीघ्र बहाली का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करते हुए यह भी पूछा कि क्या वे प्रशासन की मदद से संतुष्ट हैं। प्रभावितों ने जिला प्रशासन के त्वरित सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने बाढ़ के बाद संभावित उल्टी-दस्त एवं अन्य जलजनित बीमारियों पर निरंतर निगरानी रखने और पेयजल स्रोतों का अनिवार्य क्लोरीनेशन करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय प्रशासन को प्रभावित वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
रिपोर्ट: ऋषभ कुमार
संपादक छत्तीसगढ़ पहट न्यूज़
हमारे व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें