जगदलपुर, 12 फरवरी 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने गुरुवार को बस्तर जिले के विकासखंड बस्तर अंतर्गत सोनारपाल में रेडी टू ईट पोषण आहार उत्पादन यूनिट का आकस्मिक निरीक्षण कर पोषण आहार उत्पाद के गुणवत्ता सुनिश्चित करने कहा। वहीं इस यूनिट में स्वच्छता एवं साफ-सफाई और सुरक्षा मापदंडों का पालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान कमिश्नर ने रेडी टू ईट उत्पादन में संलग्न श्री बालाजी महिला स्व सहायता समूह की सदस्य महिलाओं से उत्पादन संबंधी गतिविधियों के बारे में विस्तार से पूछा और लक्षित बच्चों एवं माताओं के पोषण से संबंधित उक्त कार्य को पूरी तरह सजगता एवं समर्पित होकर संचालित करने की समझाइश दी।
      

      कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने रेडी टू ईट उत्पादन यूनिट में कार्य करने वाले महिला सदस्यों को सुरक्षा के मद्देनजर समुचित पोशाक और दस्ताने धारण करने और स्वच्छता एवं साफ-सफाई रखने कहा। वहीं सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए शिफ्ट में कार्य करने की समझाइश दी। इसके साथ ही उत्पाद भंडारण कक्ष में तिथि वार उत्पाद को सुरक्षित तरीके से भंडारित किए जाने कहा। उन्होंने उत्पाद का समय पर आपूर्ति करने के साथ ही सुरक्षा एवं साफ-सफाई संबंधी दिशा-निर्देशों को फ्लेक्स के जरिए प्रदर्शित किए जाने, उत्पादन यूनिट के मशीनों का नियमित रूप से जांच एवं रखरखाव करने, अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सहित विद्युत सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश मौके पर उपस्थित अधिकारियों को दिए।

   

      साथ ही उत्पादन यूनिट को नियमित तौर पर संचालित करने के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने सहित वैकल्पिक विद्युत सुविधा हेतु जनरेटर की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान श्री बालाजी महिला स्व सहायता समूह के सचिव रानी मालवीय और सदस्य बसंती कश्यप ने बताया कि उत्पादन संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण के बाद गत जनवरी महीने से उक्त रेडी टू ईट उत्पादन यूनिट का संचालन कर रहे हैं। लक्षित बच्चों एवं माताओं के पोषण को मद्देनजर रखते हुए उत्पाद में गेहूं, सोयाबीन, मूंगफली, चना, रागी और अन्य आवश्यक सामग्रियों को निर्धारित मात्रा में शामिल करने पर ध्यान रख रहे हैं। साथ ही रेडी टू ईट उत्पाद के पैकेजिंग को भी बेहतर ढंग से सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस रेडी टू ईट उत्पादन यूनिट से समेकित बाल विकास परियोजना बस्तर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को आपूर्ति किया जा रहा है। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री मनोज सिन्हा सहित अन्य अधिकारी और श्री बालाजी महिला स्व सहायता समूह के सदस्य महिलाएं मौजूद थे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply