जगदलपुर, 16 फरवरी 2026/ बस्तर जिला प्रशासन की संवेदनशीलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शासन और जनता के बीच की दूरी संवेदनशीलता से मिटाई जा सकती है। जिला कार्यालय में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा ही प्रेरक दृश्य देखने को मिला, जहाँ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने एक छात्रा की शैक्षणिक बाधाओं को दूर करते हुए मानवीयता की नई मिसाल पेश की।

           ग्राम गुड़ुम, जिला बालोद की निवासी और शासकीय महाविद्यालय भानपुरी में बी.एससी. की छात्रा भावना कोठारी पिछले दो वर्षों से अपने भविष्य को लेकर चिंतित थीं। छात्रावास की सुविधा न मिल पाने के कारण उन्हें किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करनी पड़ रही थी, जिससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ रहा था बल्कि एकाग्रता के साथ अध्ययन करने में भी भारी कठिनाइयां आ रही थीं। अपनी इसी समस्या को लेकर भावना ने जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष अपनी व्यथा सुनाई और आवेदन के माध्यम से कन्या परिसर बेसोली में रिक्त पड़े क्वार्टर में रहने की अनुमति मांगी।

           छात्रा की शैक्षणिक लगन और उसकी व्यावहारिक समस्या को देखते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने छात्रा की पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निर्देश जारी किए। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन द्वारा छात्रा के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भानपुरी में रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
अब आवास की चिंता दूर होने से भावना अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी तत्परता के साथ कर सकेंगी।

          जिला प्रशासन के इस त्वरित और संवेदनशील निर्णय की सर्वत्र सराहना हो रही है। यह न केवल एक छात्रा की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि उन सभी विद्यार्थियों के लिए एक सकारात्मक संदेश भी है जो विपरीत परिस्थितियों में अपनी शिक्षा जारी रखने का संघर्ष कर रहे हैं। छात्रा ने अपनी इस बड़ी चिंता को दूर करने के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

छत्तीसगढ़ पहट न्यूज़

संपादक–ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

विज्ञापन एवं खबरों के लिए संपर्क करें

Cg pahat news

Office– Jagdalpur

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply