पोकलेन समेत 16 वाहन जब्त कर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की


जगदलपुर, 19 फरवरी 2026/ बस्तर जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार खनिज विभाग के जांच दल ने हाल ही में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर अवैध परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। इस अभियान का नेतृत्व खनिज अधिकारी श्री शिखर चेरपा ने किया, जिसमें खनिज जांच दल ने पिछले 9 दिनों के भीतर 10 फरवरी से 18 फरवरी तक निरंतर छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त किया है।

          खनिज विभाग द्वारा दी गई गई जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान रेत, चूना पत्थर और मिट्टी से निर्मित ईंट का अवैध रूप से परिवहन कर रहे ट्रैक्टर, हाइवा और टिप्परों को रंगे हाथों पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों में प्रमुख रूप से ग्राम कंगोली, परपा, बालेंगा, लालबाग और पल्लीनाका जैसे क्षेत्रों से गुजर रहे वाहन शामिल हैं। विशेष रूप से मूतनपाल क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए एक चेन माउंटेड पोकलेन मशीन को भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया है।



         अवैध उत्खनन और परिवहन के सभी 16 प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की। खनिज अधिकारी ने पूर्व में भी विज्ञप्ति के माध्यम से जिले के सभी खनिज ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया था कि बिना वैध अभिवहन पास (रॉयल्टी पर्ची) के खनिजों का परिवहन करना एक दंडनीय अपराध है। जांच टीम में सहायक खनिज अधिकारी श्री जागृत गायकवाड़, खनिज सिपाही श्री डिकेश्वर खरे सहित नगर सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.– 6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply