
रिपोर्ट: Rishabh kumar
जगदलपुर, 25 फरवरी 2026/ जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने साफ शब्दों में कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं पर गहन समीक्षा की गई।
🏥 रात्रि निरीक्षण के निर्देश, औसत 5 से कम प्रसव पर नोटिस
कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को रात्रिकालीन निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि रात में भी उपचार सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों। जिन स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव की औसत संख्या 5 से कम पाई जाएगी, वहां के संबंधित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
खराब प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ की ड्यूटी जिला अस्पताल में रोस्टर अनुसार लगाने की बात भी कही गई।
👶 मातृ-शिशु मृत्यु दर और स्टील बर्थ की होगी अलग समीक्षा
कलेक्टर ने मातृ-शिशु मृत्यु दर पर पृथक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और हर स्टील बर्थ प्रकरण की अनिवार्य जांच के निर्देश दिए। सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में एएनसी जांच एवं संस्थागत प्रसव सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ पेयजल समस्या का समाधान प्राथमिकता से करने को कहा गया।
सर्वे सूची के आधार पर सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण तथा जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में बीसीजी का 100% कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🦟 डेंगू-जेई पर अलर्ट, टीबी और हाइपरटेंशन की एक्टिव सर्विलांस
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत टीबी, हायपरटेंशन, मानसिक स्वास्थ्य और जापानी इंसेफेलाइटिस के लिए एक्टिव सर्विलांस पर जोर दिया गया। डेंगू के पीक सीजन में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और सूअरपालन वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार हेतु ई-संजीवनी के माध्यम से जिला अस्पताल स्तर पर प्रमुख सेवाएं प्रारंभ करने और एआरवी रजिस्टर के सुव्यवस्थित संधारण पर बल दिया गया।
💳 आयुष्मान कार्ड ब्लॉकिंग और NQAS सर्टिफिकेशन पर फोकस
अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड ब्लॉकिंग में 100% लक्ष्य प्राप्त करने, सीएचसी-पीएचसी स्तर पर नियमित ब्लॉकिंग तथा डे-केयर पैकेज की ब्लॉकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
NQAS सर्टिफिकेशन के तहत जून माह तक प्रत्येक ब्लॉक में 02 नए पीएचसी और 05 एसएचसी तैयार करने, वय वंदन योजना के शेष हितग्राहियों के कार्ड समयबद्ध बनाने तथा NCD स्क्रीनिंग लक्ष्य पूर्ण करने को कहा गया।
अस्पतालों में दवाइयों के ऑनलाइन-ऑफलाइन स्टॉक का 100% मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, डीपीएम रीना लक्ष्मी सहित सभी ब्लॉक के खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।