
जगदलपुर, 19 मार्च 2026। शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, जगदलपुर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत आयोजित संभागीय स्तरीय प्रसार टोली कार्यशाला का द्वितीय दिवस उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। बस्तर संभाग के दस प्रमुख महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बना दिया। आयोजन की सफलता में प्राचार्य डॉ. रंजना नाथ के मार्गदर्शन एवं संयोजक श्री भुवनेश्वर कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन से हुआ। छात्रा नेहा कश्यप ने सरस्वती वंदना एवं राजकीय गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात NEP आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छात्र गोंचूं नाग ने हल्बी भाषा में तथा छात्रा भावना कोठारी ने भतरी भाषा में NEP 2020 के महत्व पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। छात्रा संगीता ने भी नीति के विभिन्न पहलुओं पर अपनी राय रखी। स्थानीय भाषाओं में प्रस्तुत इन विचारों ने कार्यक्रम को और अधिक समावेशी बना दिया। इसी क्रम में नेहा कश्यप एवं किरण कश्यप ने गीत प्रस्तुति से माहौल को जीवंत कर दिया।
सांस्कृतिक गतिविधियों में निरंजन कश्यप का एकांकी नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें शिक्षक-विद्यार्थी संवाद के माध्यम से NEP 2020 के शिक्षा-दर्शन को प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया गया। क्राइस्ट कॉलेज, जगदलपुर के वैभव एवं सौम्या ने भी नाट्य प्रस्तुति दी। वनिता एवं अनुष्का ने प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत समूह चर्चा में सेमेस्टर परीक्षाओं की चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। इस परिचर्चा में प्राध्यापक कल्पना मंडावी एवं प्रतीक्षा सोनकर पैनल सदस्य के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए, जिससे चर्चा सार्थक एवं विचारोत्तेजक रही।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती जयश्री मंडल देबनाथ द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। सभी प्राध्यापकों, आमंत्रित महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। यह कार्यशाला बस्तर संभाग में NEP 2020 के प्रति जागरूकता एवं उत्साह को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुई।
अंत में कार्यक्रम के संयोजक श्री भुवनेश्वर कुमार द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977