रिपोर्ट –जय शंकर पांडे


जगदलपुर, 20 मार्च 2026/ बस्तर जिले के पीएम श्री विद्यालयों में कक्षा दसवीं में  उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित एक्सपोजर विजिट शिक्षा और अनुभव का एक यादगार संगम साबित हुई है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण से लौटे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के दल ने हाल ही में कलेक्टर से सौजन्य मुलाकात की। इस आत्मीय चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी यात्रा के दौरान सीखे गए गुरों और देखे गए ऐतिहासिक व वैज्ञानिक स्थलों के रोमांचक संस्मरण साझा किए। बच्चों के उत्साह और उनके बौद्धिक विकास को देखते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने उनकी सराहना की और घोषणा की कि आगामी सत्र में भी जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को देश के अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि उनका दृष्टिकोण व्यापक हो सके। इस गरिमामय अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल, सहायक आयुक्त श्री गणेश शोरी, एडीपीओ जयंती कश्यप और नोडल राकेश खापर्डे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

           यह ज्ञानवर्धक यात्रा 9 मार्च से 14 मार्च तक संचालित हुई, जिसमें बस्तर के इन सितारों ने हैदराबाद और विशाखापत्तनम के गौरवशाली इतिहास और आधुनिक तकनीक का बारीकी से अवलोकन किया। हैदराबाद प्रवास के दौरान विद्यार्थियों ने बिरला साइंस म्यूजियम में खगोल विज्ञान और भौतिकी के रहस्यों को समझा, जहाँ प्लैनेटेरियम और डायनासोरियम उनके आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं 1591 में निर्मित ऐतिहासिक चारमीनार की भव्य वास्तुकला को देखकर छात्र भारतीय संस्कृति और शिल्प कला से अभिभूत हुए। इस यात्रा ने उन्हें किताबी ज्ञान से बाहर निकालकर वास्तविक दुनिया की जटिलताओं और उपलब्धियों को समझने का अवसर प्रदान किया।

           सफर का अगला पड़ाव विशाखापत्तनम रहा, जहाँ विद्यार्थियों ने भारत की समुद्री सुरक्षा और नौसेना की शक्ति का साक्षात अनुभव किया। आरके बीच रोड पर स्थित हेलीकॉप्टर म्यूजियम और टीयू-142 एयरप्लेन म्यूजियम के भीतर जाकर छात्रों ने विमानों के इंटीरियर और भारतीय नौसेना के एविएशन इतिहास को करीब से जाना। विशेष रूप से आईएनएस कुरुसुरा सबमरीन म्यूजियम के भीतर पनडुब्बी की कार्यप्रणाली, नौसैनिकों के कठिन जीवन और इंजनों की संरचना को देखना उनके लिए किसी रोमांच से कम नहीं था। इसके साथ ही छात्रों ने एशिया के प्रमुख मत्स्य निर्यात केंद्रों में से एक फिशिंग हार्बर और ईस्टर्न नेवल कमांड के मुख्यालय का भ्रमण कर देश की आर्थिक और रक्षा प्रणाली की मजबूती को समझा।

             इस सफल एक्सपोजर विजिट में शिक्षक अंबिका प्रसाद वर्मा, गीता यादव, हिमांगिनी पांडे, विभा पांडे और भावना मांडवी के मार्गदर्शन में विद्यार्थी लीकेश्वर पांडे, देविका कश्यप, यशवंत देवांगन, मोनिका देवांगन, खुशी खूंटियां, सागर शर्मा, निधि परिहार और घनशीता सेठिया आदि शामिल थे। इन सभी प्रतिभागियों के लिए यह यात्रा न केवल मनोरंजन का साधन रही, बल्कि इसने उनके भीतर भविष्य के प्रति एक नई  दृष्टि और देश सेवा का जज्बा भी पैदा किया है। जिला प्रशासन की यह पहल बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा की प्रगति से जोड़ने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply