रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

जगदलपुर, 07 अप्रैल 2026/  कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने समय-सीमा की बैठक में राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि 14 अप्रैल से जिले में “स्वस्थ बस्तर अभियान” चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत घर-घर स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री छिकारा ने मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली ।



        बैठक में स्वास्थ्य विभाग से एम्बुलेंस व्यवस्था, सौ दिन टीबी टेस्टिंग की निक्षय पोर्टल पर प्रगति तथा अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड ब्लॉकिंग की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ऑनलाइन पोस्टमार्टम रिपोर्ट व्यवस्था लागू करने पर चर्चा की ताकि आरबीसी 6-4 के प्रकरणों में आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न भंडारण की स्थिति पर संज्ञान लेते हुए सभी एसडीएम को प्रमुख एफसीआई गोदामों का निरीक्षण करने और पीडीएस संचालकों की तहसीलवार मासिक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अक्रियाशील खातों से राशि जमा करवाने हेतु संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।



       कृषि विभाग को  शासन के निर्देशानुसार खाद्य विक्रेताओं की दुकानों में मानकों के अनुरूप विक्रय करने की जांच करने तथा एसडीएम को भी दुकानों का निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक मे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक वेरिफिकेशन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने एनसीईएआर सर्वे, जनगणना की प्रारंभिक तैयारियों एवं मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के निर्देशों के पालन की समीक्षा भी बैठक में की। आकांक्षी ब्लॉकों में “सम्पूर्णता अभियान 2.0” के चार प्रमुख पैरामीटरों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

       कलेक्टर ने 9 अप्रैल को दरभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। जिला प्लांटेशन की कार्ययोजना तैयार करने, जनपदों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित कैंटीन व्यवस्था तथा जन औषधि केंद्रों के संचालन की भी समीक्षा की गई।

       महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत रेडी-टू-ईट निर्माण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन एवं कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों का अपार आईडी बनाने की प्रगति का संज्ञान लिया। इसके साथ ही लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदनों, तथा शिक्षा विभाग में अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को जाति प्रमाण पत्र के आंकड़ों की ब्लॉकवार समीक्षा गूगल शीट में दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में वय वंदना कार्ड निर्माण, एमएनएसई परीक्षा की तैयारियों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, श्री ऋषिकेश तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply