रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 08 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा परिवहन आरक्षक के रिक्त पदों हेतु लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन आगामी रविवार 19 अप्रैल को किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गईं हैं। इस परीक्षा के आयोजन के लिए बस्तर जिले में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 01:15 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 5,720 परीक्षार्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
परीक्षा के दौरान नकल और अनुचित साधनों के प्रयोग को सख्ती से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने तीन विशेष उड़नदस्ता दलों का गठन किया है। इन दलों का नेतृत्व तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है। दल क्रमांक-01 की कमान नायब तहसीलदार श्री लखीराम पाण्डे संभालेंगे, जबकि दल क्रमांक-02 का नेतृत्व तहसीलदार श्रीमती यशोदा केतारप और दल क्रमांक-03 का दायित्व तहसीलदार श्रीमती जागेश्वरी पोयाम गावड़े को दिया गया है। इन दलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा कक्षों के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों के परिसर और मुख्य द्वारों का भी अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।
परीक्षा समाप्ति के पश्चात ये दल निर्धारित प्रपत्र में अपनी रिपोर्ट जिला समन्वयक केंद्र में जमा करेंगे। परीक्षार्थियों के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा नियम और दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा, क्योंकि सुबह 10:30 बजे केंद्रों के मुख्य द्वार अनिवार्य रूप से बंद कर दिए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की जाएगी।
परीक्षार्थियों को अपने साथ मूल प्रवेश पत्र और एक फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस) लाना अनिवार्य है। साथ ही, एक सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है, जिसके तहत परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आना होगा। जूते-मोजे, बेल्ट, घड़ी, चश्मा और किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर परीक्षा हॉल में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977