रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

17 अप्रैल 2026, जगदलपुर / आज कृषि महाविद्यालय कुम्हरावण्ड में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री विनायक गोयल जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में कुल 38 सड़कों का लोकार्पण किया गया। इन सड़कों के निर्माण पर कुल 12198.94 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय निवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं और इन परियोजनाओं के माध्यम से गांवों को शहरों से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने यह भी विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में और भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

इस अवसर पर विधायक श्री विनायक गोयल जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की जनता को आवागमन में सुविधा होगी, साथ ही किसानों, छात्रों और व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
विधायक श्री गोयल जी ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता सदैव क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की रही है और वे लगातार जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को गति दी जाएगी और क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री विनायक गोयल जी ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे इन विकास कार्यों का भरपूर लाभ उठाएं और क्षेत्र के विकास में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही विकास की यह यात्रा सफल हो सकती है। श्री गोयल जी ने दृढ़ संकल्प के साथ कहा कि वे सदैव जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे।
इस अवसर में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप जी, उपाध्यक्ष बदलेव मण्डावी जी, निगम अध्यक्ष खेमसिह देवागंन जी, एवं सात ब्लाक से आये जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सरपंच एवं कलेक्टर आकाश छिकारा जी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन जी, एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर विकास कार्यों के प्रति अपनी खुशी और समर्थन व्यक्त किया।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977