रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

प्रगणक दिगेश्वर पोर्ते के कार्य की अधिकारियों ने की सराहना

जगदलपुर, 01 मई 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में शनिवार से जनगणना कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया। सुबह 6 बजे से ही प्रगणकों ने उत्साहपूर्वक घर-घर पहुंचकर गणना कार्य प्रारंभ किया। इसी क्रम में बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम गाटम के एक गणना ब्लॉक का कार्य पहले ही दिन पूर्ण कर लिया गया।

प्रगणक श्री दिगेश्वर पोर्ते ने सुबह तड़के उठकर नाला पार कर ग्राम तक पहुंचते हुए कठिन परिस्थितियों में भी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। जानकारी के अनुसार उन्हें कुल तीन गणना ब्लॉक आवंटित किए गए हैं, जिनमें सबसे विषम क्षेत्र वाले ब्लॉक का कार्य उन्होंने प्राथमिकता से पूर्ण किया।

ग्राम गाटम में पहले दिन ही गणना कार्य पूर्ण होने की जानकारी राज्य स्तर तक पहुंचने पर निरीक्षण के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री हीरा गवर्ना, राज्य मास्टर ट्रेनर श्री संतोष मेंड्रे, जिला मास्टर ट्रेनर श्री जीवन लाल साहू, ब्लॉक मास्टर ट्रेनर श्री तरुण ठाकुर, एसडीएम तोकापाल श्री शंकर लाल सिन्हा, तहसीलदार श्रीमती यशोदा केतारप एवं सुपरवाइजर श्री पवन बहादुर मौके पर पहुंचे और प्रगणक श्री पोर्ते के कार्यों का अवलोकन किया।

अधिकारियों ने उनके समर्पण और कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा अन्य प्रगणकों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में शीघ्रता एवं गंभीरता से जनगणना कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में प्रगणक गर्मी से बचाव को ध्यान में रखते हुए सुबह से ही फील्ड में पहुंचकर उत्साहपूर्वक जनगणना कार्य संपादित कर रहे हैं।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply