रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

25 मई 2026, जगदलपुर। खनिज विभाग के संचालक  और बस्तर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई।



खनिज जांच दल ने उपनपाल, देवड़ा, कोडेनार, बड़ेआमाबाल, कोरपाल, बस्तर, खोरखोसा, बेलगांव, धरमपुरा, जगदलपुर, कुम्हरावंड, पिपलावंड, बजावंड, बडांजी, छापरमानपुरी, तारापुर और बनियागांव क्षेत्रों में निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध रूप से गौण खनिज चुना पत्थर एवं रेत का उत्खनन, परिवहन और भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित परिवहनकर्ताओं, उत्खननकर्ताओं एवं भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 36 वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया है। इसके अलावा चार भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



खनिज विभाग ने बताया कि सभी प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1967 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
इस कार्रवाई में खनि अधिकारी श्री शिखर चेरपा, सहायक खनि अधिकारी श्री जागृत गायकवाड, खनि निरीक्षक श्री अंकित पुरी, अनि सिपाही श्री डिकेश्वर खरे, नगर सैनिक श्री विजय कश्यप, श्री कृष्णा बघेल एवं सहदेव बघेल सहित जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल के सदस्य उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply