रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

जगदलपुर 06 जून 2026/ उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्री श्री अरुण साव ने अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।



            समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों, बजट मद से संचालित योजनाओं तथा सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं पर संज्ञान लेते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रगतिरत सड़क और भवन निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जब हम ही निर्माण कार्यों का निर्धारण करते है, तब उन्हें समय पर पूरा कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को प्रशासनिक क्षमता का पूरा उपयोग करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।

             उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी परियोजना की डीपीआर तैयार करते समय संभावित समस्याओं फारेस्ट क्लीयरेंस, भूअर्जन, विद्युत पोल शिफ्टिंग, अतिक्रमण हटाने इत्यादि का समाधान पहले से सुनिश्चित किया जाए ताकि निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने जल जीवन मिशन, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पुल-पुलिया निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

           बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के बजट अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, अधोसंरचना विकास योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग तथा पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विकास कार्यों में आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश भी दिए गए।उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की काउंसलिंग कर जनप्रतिनिधियों एवं वार्ड पार्षदों के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों को आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने तथा निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता दीदियों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनका उत्साहवर्धन करने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षा किट प्रदाय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

            उप मुख्यमंत्री ने शहर की नालियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा वर्षा ऋतु से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संभागीय मुख्यालय में निजी क्षेत्र की भागीदारी से रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को प्राथमिकता देने, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और तालाबों की सफाई में नवाचार अपनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही स्थानीय नगरीय निकायों को राजस्व वृद्धि करने हेतु कर वसूली के लिए जनगणना के आंकड़े के आधार पर प्लान करने तथा नवीन राजस्व स्रोत विकसित किए जाने कहा।

             उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान पेयजल की पुख्ता इंतजाम करने सार्थक प्रयास करने पर जोर देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ समन्वय कर पूर्ण करवाएँ, छोटी-छोटी शेष कार्यों वाली योजनाओं को शार्टआउट कर उन्हें पूर्ण करने पर फोकस करें। साथ ही ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित योजनाओं के सुचारू संचालन हेतु ग्रामीणों को हर महीने निर्धारित जल कर जमा करने के लिए प्रोत्साहित किए जाने कहा, ताकि संबंधित जल प्रदाय योजनाओं का बेहतर संधारण किया जा सके। उन्होंने जल स्रोतों के क्लोरिनेशन तथा पेयजल टंकियों की सफाई कार्य को भी बारिश के पूर्व सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर गति लाने और गुणवत्ता साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में सांसद श्री महेश कश्यप, महापौर श्री संजय पांडे, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply