रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

40 वर्षों की बेदाग सेवा का सफर पूर्ण
जगदलपुर, 5 जुलाई 2026/ स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय तक अपनी अनुकरणीय सेवाएं देने वाली महिला पर्यवेक्षक श्रीमती सुखमति राणा के सेवानिवृत्त होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े किलेपाल में एक गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। शासकीय सेवा में 40 वर्ष 19 दिन का एक लंबा, सफल और बेदाग सफर पूरा करने पर विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें अश्रुपूर्ण और भावभीनी विदाई दी।
मूल रूप से पंडरीपानी (जगदलपुर) की निवासी श्रीमती सुखमति राणा की प्रथम शासकीय नियुक्ति सुकमा जिले के छिंदगढ़ में हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने चार दशक से अधिक लंबे सेवाकाल के दौरान तोकापाल, बस्तर, किलेपाल, नानगुर, आसना और पुनः बड़े किलेपाल जैसे सुदूर व ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य और महिला उत्थान के क्षेत्र में बेहद महत्वपूर्ण और स्मरणीय भूमिका निभाई।
विदाई वेला के इस भावुक क्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा श्रीमती राणा का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विभाग एवं सहकर्मियों की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की गई।
इस गरिमामयी समारोह में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और मैदानी अमला मौजूद रहा, जिनमें मुख्य रूप से सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी, बीएमओ बड़े किलेपाल डॉ. प्रदीप बघेल सहित डॉ. मनोज गुलशन, डॉ. इमरान और डॉ. चतुर्वेदी शामिल हुए। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े किलेपाल के समस्त सुपरवाइजर, सीएचओ, आरएचओ एवं अन्य मैदानी और प्रशासनिक स्टाफ ने भी उपस्थित होकर अपनी वरिष्ठ सहकर्मी को विदाई दी और उनके साथ बिताए सेवाकाल के खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया।
इस अवसर पर पूरे स्टाफ ने संदेश देते हुए कहा कि श्रीमती सुखमति राणा जी का कर्तव्यनिष्ठा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगा और पूरा स्वास्थ्य विभाग परिवार उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना करता है।