रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

7 जुलाई 2026, कोण्डागांव। जिले के पलारी गांव में रविवार को एक ही परिवार के आठ लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी की तबीयत रात करीब 2 बजे के बाद अचानक बिगड़ गई, जब उन्हें लगातार उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई। परिजन सभी को निजी वाहन से जिला अस्पताल कोण्डागांव लेकर पहुंचे, जहां उपचार किया गया। पीडि़तों में दो बच्चे, तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित सभी लोग देवांगन परिवार के सदस्य हैं। परिवार ने घर पर फूटू (देशी मशरूम) की सब्जी बनाकर खाई थी, जिसके कुछ घंटे बाद सभी की तबीयत बिगडऩे लगी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का परीक्षण किया। इनमें से गंभीर स्थिति को देखते हुए पांच लोगों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य की हालत सामान्य होने पर प्राथमिक उपचार एवं निगरानी के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।