रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बीजापुर 08 जुलाई 2026- जिले में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बीजापुर आवर्धन जल प्रदाय योजना के अंतर्गत मिंगाचल स्थित बेरूदी नदी पर एनीकट निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है।
इस एनीकट के निर्माण से बीजापुर शहर के लिए वर्षभर पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही नदी में जल संरक्षण बढ़ेगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार, जल संवर्धन तथा स्थानीय लोगों और पशुओं के लिए निस्तारी की बेहतर सुविधा सुनिश्चित होगी। यह परियोजना केवल पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिले में सतत जल प्रबंधन को भी मजबूत करेगी। एनीकट बनने से वर्षा जल का बेहतर संचयन होगा और आसपास के क्षेत्रों में जल उपलब्धता में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होने के बाद बीजापुर शहर के नागरिकों को अधिक सुरक्षित, नियमित और बेहतर पेयजल सुविधा प्राप्त होगी, वहीं जल संरक्षण की दिशा में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।