रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 12 जुलाई 2026। बस्तर जिला 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें बस्तर के प्रसिद्ध गोंचा महापर्व में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल में गोंचा समिति के सदस्य, युवा समिति के सदस्य तथा समाज के वरिष्ठजन शामिल रहे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को गोंचा महापर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए गोंचा महापर्व की परंपरा और बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देते हैं।

भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आमंत्रण पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।