रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर आज सिरासार चौक, जगदलपुर में  पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जगदलपुर द्वारा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं कारगिल विजय गाथा का स्मरण कराने हेतु गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में सहभागी रहे पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया तथा उनके द्वारा युद्ध के अनुभव साझा किए गए। वक्ताओं ने कारगिल के वीर शहीदों के अदम्य साहस, पराक्रम एवं सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और शौर्य के कारण आज देश सुरक्षित एवं गौरवान्वित है। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।



इस अवसर पर ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, मीडिया प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि एवं विजय गाथा कार्यक्रम के उपरांत पूर्व सैनिकों द्वारा जगदलपुर शहर में भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य कारगिल विजय दिवस के महत्व, देशभक्ति की भावना, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा युवाओं एवं आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सैनिकों के सम्मान और देश सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देना था। रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं वीर शहीद अमर रहें जैसे देशभक्ति के उद्घोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने कारगिल के अमर वीरों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने आम नागरिकों से भी देश के वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply