रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

26 जुलाई 2026, जगदलपुर। शहर में घरों में घूम-घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक महिला को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 लेडीज पर्स और 5 मोबाइल फोन, कुल करीब ₹1.10 लाख का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 की सुबह पथरागुड़ा क्षेत्र में एक घर से पर्स और सैमसंग मोबाइल चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। शहर के विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक महिला दो बच्चों के साथ संदिग्ध रूप से घरों के आसपास घूमती नजर आई।
पुलिस ने तलाश कर महिला को डिमरापाल अस्पताल के सामने बने शेड से हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार किया और इंद्रावती पुल के नीचे पर्स में 5 मोबाइल छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने सभी सामान बरामद कर लिया।
आरोपी की पहचान अंजली उर्फ माधुरी मोदी (32), निवासी टिटलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है, जो फिलहाल डिमरापाल क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।