रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 28 जुलाई 2026/ भारत सरकार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय, जगदलपुर द्वारा विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर आत्मानंद विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग की दीपिका जोशी ने हेपेटाइटिस ए, बी, सी, डी एवं ई के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस बी एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित रक्त या शरीर के द्रव के संपर्क, संक्रमित सुई या इंजेक्शन के उपयोग, असुरक्षित यौन संबंध तथा संक्रमित मां से नवजात शिशु में फैल सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर हेपेटाइटिस-बी का टीकाकरण (वैक्सीन) कराकर, सुरक्षित इंजेक्शन का उपयोग, जांचे हुए रक्त का ही उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाकर इस बीमारी से प्रभावी बचाव किया जा सकता है।
इस दौरान चेतन चाइल्ड एंड वूमेन वेलफेयर सोसाइटी जगदलपुर की कनक कश्यप ने एचआईवी/एड्स के संबंध में जानकारी देते हुए इसके संक्रमण के कारण, रोकथाम एवं जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रांतियों से दूर रहकर सही एवं वैज्ञानिक जानकारी अपनाने तथा सुरक्षित व्यवहार करने का आग्रह किया।
विद्यालय की प्राचार्य अंबिका ध्रुव ने छात्र-छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति सदैव जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम का संयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर के प्रभारी बीएस ध्रुव ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाना, उन्हें संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक बनाना तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित करना है।