रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

30 जुलाई 2026पेंड्रा। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वाही में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश और गर्जना के बीच खेत में रोपा लगा रही महिला मजदूरों पर बिजली गिर गई। इस हादसे में एक 32 वर्षीय महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए।
रोपा लगाते समय गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार किसान के खेत में मजदूर रोपा लगाने का काम कर रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ा और तेज बारिश के साथ गर्जना शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली मजदूरों के समूह पर गिर पड़ी।
बिजली गिरने से ग्राम मड़वाही निवासी श्यामबाई पति रमेश उम्र 32 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में भानमति गंभीर रूप से झुलस गई। इसके अलावा रीता, हेमवती, पार्वती और सविता सहित 5 अन्य महिलाएं भी घायल हुई हैं।
एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने भानमति की हालत गंभीर बताई है।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।