रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 01 अगस्त 2026/ नीट, नर्सिंग और पीएटी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट परिणाम देकर सफलता का पर्याय बनी बस्तर की ‘ज्ञानगुड़ी’ संस्था का अब और अधिक विस्तार कर दिया गया है।कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के दूरदर्शी और संवेदनशील निर्देश पर ज्ञानगुड़ी के माध्यम से अब क्षेत्र के युवाओं को एसएससी, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल और रेलवे जैसी अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी नि:शुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।
इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग और प्रदेश के अन्य जिलों के विद्यार्थियों को एक नई दिशा देना और उन्हें अपने ही क्षेत्र में रहकर सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराना है। कलेक्टर के निर्देशों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए शनिवार को ग्रेजुएशन स्तर के विद्यार्थियों के लिए जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रवेश परीक्षा में निर्धारित 120 सीटों के लिए कुल 179 अभ्यर्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जो क्षेत्र के युवाओं में उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है। परीक्षा का सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल ने प्राचार्य रामकुमार बघेल एवं ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन को जिम्मेदारी सौंपी थी। इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों सतपाल शर्मा. श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव, संजीव बिस्वास, नवदित्य खंभारी, पूजा प्रतीक्षा, श्रेजल विष्णु, नरेंद्र पाणिग्रही और भोलेश्वर बघेल का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा। ज्ञानगुड़ी के इस विस्तार से नक्सल प्रभावित अंचल के प्रतिभावान युवाओं को अब अन्य महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल करने का एक मजबूत मंच मिलेगा।