रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 02 अगस्त 2026। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला बस्तर की अति आवश्यक बैठक प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों, खाद एवं बीज की कथित कालाबाजारी, नकली कृषि सामग्री की बिक्री, किसानों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई न होने तथा कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया।


बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया और दोषी अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) 15 अगस्त के बाद जगदलपुर स्थित कृषि उपसंचालक कार्यालय का घेराव करते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी।


प्रदेश प्रभारी प्रवीण क्रांति  ने कहा कि किसान अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि कार्रवाई चाहते हैं। गांव-गांव संगठन को मजबूत कर हजारों किसानों को आंदोलन के लिए तैयार किया जाएगा।


संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार  ने कहा कि किसानों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन किसी भी लोकतांत्रिक संघर्ष से पीछे नहीं हटेगा।


संभागीय प्रभारी सोनू राम कश्यप  ने कहा कि यदि किसानों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और कथित कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो पूरे बस्तर संभाग में व्यापक किसान आंदोलन चलाया जाएगा।


जिला अध्यक्ष रमेश गोयल  ने कहा कि यदि किसानों को न्याय नहीं मिला, तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) कृषि विभाग के विरुद्ध निर्णायक जनआंदोलन करेगी।

संगठन की मांग है कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषी अधिकारियों पर कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि जांच में उच्च अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए और किसानों के साथ हुए अन्याय के लिए जवाबदेह बनाया जाए।

     बैठक में प्रदेश प्रभारी प्रवीण क्रांति , प्रदेश कोषाध्यक्ष, संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार , संभागीय प्रभारी सोनू राम कश्यप , जिला अध्यक्ष रमेश गोयल , जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह , ग्रामीण जिला अध्यक्ष जगतु राम कश्यप , जिला सचिव रूबेन कश्यप , सुरेश साव , राजेंद्र मंडावी , लच्छिन , मीडिया प्रभारी डमरू कुंजाम , कृष्ण कुमार पांडे , मीडिया प्रभारी रमेश कश्यप , तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू  सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


नारा:
“किसान का हक लेकर रहेंगे – अन्याय किसी कीमत पर नहीं सहेंगे।”

“निष्पक्ष जांच करो, दोषियों पर कार्रवाई करो, किसानों को न्याय दो।”

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply