रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

4 अगस्त 2026, रायपुर: दिल्ली के कारोबारी अर्जुन सिंह रावत को 500 करोड़ रुपए का ठेका दिलाने का झांसा देकर 15 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले कृष्ण कुमार श्रीवास्तव को लेकर ईडी ने महत्वपूर्ण खुलासा किया है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उसने दिल्ली के कारोबारी को ठगी की रकम में से महज 3.40 करोड़ रुपए ही लौटाए हैं। शेष ठगी की रकम केके द्वारा शेल कंपनियों के माध्यम से दुबई (यूएई), हांगकांग, चीन तथा सिंगापुर में स्थित लाभार्थियों को भेजी गई।
“दिल्ली की कंपनी मेसर्स रावत एसोसिएट्स के संचालक अर्जुन सिंह द्वारा केके श्रीवास्तव तथा उनके बेटे के खिलाफ वर्ष 2023 में तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर ईडी ने केके को 30 जुलाई को गिरफ्तार किया।
उसे पीएमएलए की स्पेशल कोर्ट में पेश कर पूछताछ करने 7 अगस्त तक की पुलिस रिमांड हासिल की है। पूछताछ के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
आगे की जांच में यह भी उजागर हुआ कि अपराध से अर्जित आय को केके ने शेल एवं अन्य संस्थाओं के एक नेटवर्क के माध्यम से तीव्र गति से लेयरिंग किया। केके ने ठगी की रकम को मालभाड़ा एवं कंटेनर लीजिंग जैसे काल्पनिक वाणिज्यिक विवरणों के आधार पर दुबई (यूएई), हांगकांग, चीन तथा सिंगापुर भेजा।
पीड़ित को लौटाई गई 3.40 करोड़ रुपए की आंशिक राशि भी दूषित एवं लेयरिंग किए गए धन से एकत्रित की गई थी तथा उसे वास्तविक पुनर्भुगतान के रूप में प्रदर्शित किया गया। धोखाधड़ी से प्राप्त 11.60 करोड़ रुपए की राशि अब तक वापस नहीं की गई है।