रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

9 अगस्त 2026, बैकुंठपुर। शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने का मामला सामने आने पर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बैकुण्ठपुर विकासखंड के रजवारीपारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
क्या है मामला
आरोप है कि प्रधान पाठक राम कुमार राजवाड़े स्कूल समय में शराब के नशे में पाए गए थे। कलेक्टर के अचानक स्कूल निरीक्षण के दौरान यह शिकायत सामने आई।
निरीक्षण रिपोर्ट में उल्लेख है कि प्रधान पाठक के मुंह से शराब की गंध आ रही थी और उनकी बोली भी अस्पष्ट थी। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की।
DEO ने की कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान पाठक राम कुमार राजवाड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बैकुण्ठपुर ब्लॉक शिक्षा कार्यालय निर्धारित किया गया है।
विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग का सख्त रुख
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल में अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई होगी।