रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

11 अगस्त 2026, भानुप्रतापपुर /दुर्गुकोंदल थाना क्षेत्र के ग्राम हाहालद्दी स्थित मंदिर के पास सागर स्टोन माइंस में 4-5 दिन पुराना युवक का शव मिलने से फैली सनसनी के बीच अब मृतक की पहचान हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु, पिता लखु, निवासी सीबीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। परिजनों एवं संबंधित लोगों ने शव के पास मिली टी-शर्ट और चप्पल के आधार पर शिनाख्त की।
सर्वे का काम करने आया था युवक
जानकारी के अनुसार सुकुमार किस्कु सागर स्टोन माइंस में सर्वे का कार्य करने के लिए पश्चिम बंगाल से भानुप्रतापपुर आया था। करीब 4 से 5 दिन पहले वह लापता हो गया था। शव की हालत खराब होने के कारण पहले पहचान नहीं हो पा रही थी।
हत्या या हादसा? जांच जारी
शव मिलने की सूचना पर दुर्गुकोंदल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। शव की हालत को देखते हुए मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला हत्या का है या हादसा, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सागर स्टोन माइंस में हुए हादसे की परिस्थितियों की जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।