रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

15 अगस्त 2026, जगदलपुर। बास्तानार/कोड़ेनार स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बास्तानार ब्लॉक के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोड़ेनार में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक  विनायक गोयल जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ देश की आन, बान और शान का सम्मान किया।



ध्वजारोहण के पश्चात विधायक  विनायक गोयल जी ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने का दिन है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।



समारोह के दौरान एकलव्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कला, प्रतिभा और उत्साह के माध्यम से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।



इस अवसर पर विद्यालय में पिछले वर्ष विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक श्री विनायक गोयल जी ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और सम्मान मिलने से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है तथा वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।

विधायक श्री गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और प्रेम का प्रदर्शन किया।

समारोह के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। विधायक श्री विनायक गोयल ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी,  जिला मंत्री नारायण सिंह ठाकुर, मण्डल अध्यक्ष सुनील कुहरामी , सोमारू राम कश्यप , कमल ठाकुर , विमल पाण्डेय , बामन वेट्टी , सन्नु वैको , बामन मण्डावी , बलराम मण्डावी , बदरू राम पोडियम, एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता गण शिक्षक गण प्यारे बच्चे उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply