रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

31 अगस्त 2026, जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संपत्ति को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद जानलेवा संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने भाई और भाभी पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी के भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला की है।
“प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे ग्राम कोसला निवासी जनक राम साहू का अपने भाई पुनी राम साहू और उनकी पत्नी के साथ संपत्ति से जुड़े मामले को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में जनक राम साहू ने डंडा उठाकर अपने भाई और भाभी पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पुनी राम साहू और उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं।
दोनों के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।