रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

पीएम सूर्य घर’ और जनहितैषी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
जगदलपुर, 3 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक श्री अभिजित देवरी, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अग्रणी जिला अधिकारी श्री अविनाश टोप्पो तथा अग्रणी जिला अधिकारी श्री जीडब्ल्यू तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न शासकीय प्राथमिकताओं, विशेषकर ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति व सुरक्षा बीमा योजना तथा स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बैंक शाखा प्रबंधकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे शासकीय योजनाओं में ऋण स्वीकृत करते समय दिशानिर्देशों से परे जाकर अनावश्यक दस्तावेजों की मांग न करें, बल्कि केवल निर्धारित पात्रता मानकों व आवश्यक अभिलेखों के आधार पर ही प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने बैंकों के पास लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए समय-सीमा तय की और कहा कि अधिकतम 10 से 15 दिनों के भीतर प्रत्येक प्रकरण पर स्वीकृति अथवा निरस्तीकरण का अंतिम निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी आवेदन को अकारण लंबित न रहना पड़े।
इसके साथ ही, ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के अंतर्गत सोलर संयंत्रों की स्थापना में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए वेंडर्स और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया, जिससे वित्तीय पोषण की प्रक्रिया तेज हो सके और पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
अंत में बैठक में मौजूद उच्चाधिकारियों ने सभी बैंकर्स से जिले के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत प्राप्त करने और आमजन को बिना किसी परेशानी के वित्तीय योजनाओं से सीधे जोड़ने का कड़ा आह्वान किया।