रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 04 सितम्बर 2026/ बस्तर संभाग के स्वास्थ्य संयुक्त संचालक डॉ. महेश सांडिया तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने स्वास्थ्य विभाग के दल के साथ अमर जगदलपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम नेतानार स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस औचक दौरे से मैदानी स्वास्थ्य अमले में खासी सक्रियता देखी गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र में आम जनता को मिल रही बुनियादी चिकित्सीय सुविधाओं और केंद्र व राज्य शासन की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की बारीक पड़ताल की।



      निरीक्षण दल द्वारा केंद्र में संचालित मलेरिया नियंत्रण, टीबी उन्मूलन, सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव तथा नियमित टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही पैथोलॉजी लैब की जांच प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए मरीजों को समयबद्ध और सटीक जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


औषधि भंडार कक्ष के मुआयने के दौरान डॉ. सांडिया ने दवाओं के रख-रखाव को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि एक्सपायरी तिथि से तीन माह पूर्व की शेष दवाओं का शत-प्रतिशत समुचित उपयोग प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवसान होने से एक माह पूर्व नियमानुसार उनका सुरक्षित निपटान प्रोटोकॉल के तहत किया जाए, ताकि मरीजों तक केवल सुरक्षित और असरदार दवाएं ही पहुंचें। इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से संस्थान को शीघ्र ही राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक से प्रमाणित कराने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया।

इस निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी, नागपुर बीएमओ डॉ. आरएस भंवर, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. मनीष नायक, एएसओ श्रीनाथ नाग, सुपरवाइजर नरेश मरकाम सहित उप स्वास्थ्य केंद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, मितानिन तथा स्थानीय ग्रामीण प्रमुखता से उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply