रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

4 सितम्बर 2026, लोहंडीगुड़ा। बस्तर जिले के बिंता क्षेत्र के अंतिम छोर स्थित ग्राम हर्राकोडेर के पटेलपारा में धाकड़ समाज कल्याण समिति जिला बस्तर की ओर से भगवान धरणीधर दिवस उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं ग्रामीणों ने शामिल होकर भगवान धरणीधर की पूजा-अर्चना की। इस दौरान समाज की एकता, संगठन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को लेकर चर्चा की गई तथा समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र सिंह ठाकुर ने की तथा संचालन चंद्रशेखर ठाकुर ने किया। अध्यक्षीय संबोधन में नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकजुटता और प्रत्येक सदस्य की सहभागिता से संभव है। समाज के अंतिम छोर तक पहुंचकर लोगों को संगठन से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि गांव-गांव तक पहुंचकर समाजजनों के बीच संवाद बढ़ाया जाए और शिक्षा, जागरूकता तथा संगठन के महत्व को लेकर लोगों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक सदस्य अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करेगा, तभी संगठन को मजबूती मिलेगी।

संचालन करते हुए चंद्रशेखर ठाकुर ने समाज को संगठित करने के प्रयासों की तुलना क्रिकेट से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह खिलाड़ी एक-एक रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाते हैं, उसी तरह समाज को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य को संगठन से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव और संगठन की मजबूती एक सतत प्रक्रिया है। इसके लिए लगातार प्रयास, आपसी संवाद और लोगों के बीच संपर्क बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने युवाओं और नई पीढ़ी को शिक्षा तथा सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों एवं युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समाजजनों ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा और जागरूकता समाज के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

हर्राकोडेर जैसे दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को लेकर समाजजनों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी आयोजन में सहभागिता करते हुए सामाजिक एकजुटता और आपसी सहयोग को मजबूत करने की बात कही। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों के बीच संवाद और संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजजनों ने भगवान धरणीधर का स्मरण करते हुए समाज की एकता, संगठन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने तथा आपसी सहयोग के साथ समाज के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply